उपराजधानी में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के साथ शर्मनाक हरकत
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 25, 2025
- 2 min read

दुमका/नगर संवाददाता। उपराजधानी दुमका में गुरुवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई। नगर थाना के बिल्कुल समीप स्थित स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा के माथे पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने चप्पल रख दिया। यह घटना दिनदहाड़े हुई और आश्चर्यजनक रूप से दोपहर तीन बजे तक हजारों लोगों के प्रतिमा स्थल से गुजरने के बावजूद किसी की नजर इस अपमानजनक कृत्य पर नहीं पड़ी। यह स्थल ठीक दुमका नगर थाना के सामने स्थित है। जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना भाजपा नेताओं को दी। खबर मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव कांत, जिला महामंत्री विवेकानंद राय, युवा जिलाध्यक्ष रूपेश कुमार मंडल समेत अन्य कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता संदीप जय बम बम मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल नगर थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों की शीघ्र पहचान कर कार्रवाई की मांग की।

भाजपा ने एसपी को ज्ञापन देकर की दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग
भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव कांत के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सेवा पखवाड़ा के तहत लगातार महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई व संरक्षण का कार्य कर रही है दूसरी तरफ ऐसे कृत्य किए जा रहे हैं जो बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। भाजपाइयों ने संकल्प लिया कि ऐसे असमाजिक तत्वों की मानसिकता को परास्त कर महापुरुषों के आदर्शाे को समाज में और अधिक सशक्त रूप से स्थापित किया जाएगा।

चप्पल को हटवाकर प्रतिमा को जल से धोकर किया शुद्ध
भाजपा नेताओं ने इस कृत्य को समाज विरोधी तत्वों की साजिश बताते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद न केवल भारत के बल्कि विश्व के प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनकी प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ पूरे समाज और संस्कृति का अपमान है। नेताओं ने मौके पर ही चप्पल को हटवाकर प्रतिमा को जल से धोकर शुद्धिकरण किया। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। जिला महामंत्री विवेकानंद राय ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि हमारी आस्था और संस्कारों पर चोट है। दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

दोषी को चिन्हित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज देख रही पुलिस
इस बीच, नगर थाना पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद से शहरवासियों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। लोग इसे असामाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने की कोशिश मान रहे हैं। फिलहाल, सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यह घटना न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला है, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक धरोहर के सम्मान का भी प्रश्न बन गया है









Comments