इस वर्ष के अंत तक बन जायेगा पीजे मेडिकल कालेज का अपना अस्पताल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 26, 2025
- 2 min read

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने किया मेडिकल कालेज अस्पताल का किया निरीक्षण
दुमका के दिग्घी में बन रहा है 500 बेड का फूलो झानो मेडिकल कालेज अस्पताल
दुमका/नगर संवाददाता। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने शुक्रवार को दिग्घी मंें निर्माणाधीन फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अस्पताल प्रबंधन और विभागीय अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि यह अस्पताल जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है, इसलिए इसे सुदृढ़ और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल की बिल्डिंग इस वर्ष के अंत तक अधीक्षक को हैंडओवर कर दी जाए, ताकि संचालन की प्रक्रिया गति पकड़ सके। उन्होंने अस्पताल संचालन के लिए आवश्यक मेडिकल इक्विपमेंट की सूची तत्काल तैयार कर शीघ्र प्रोक्योरमेंट (खरीदारी) की प्रक्रिया शुरू करने का भी निर्देश दिया।

डीप बोरिंग कर दूर की जायेगी पेयजल की समस्या
उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में पेयजल की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तुरंत डीप बोरिंग करने का आदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने बास्किचक से डेडिकेटेड पाइपलाइन बिछाकर अस्पताल तक स्थायी जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजने के निर्देश दिया। विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल को सीधे परिसर के अंदर अधिष्ठापित ट्रांसफार्मर से बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। सुरक्षा व्यवस्था के संदर्भ में उपायुक्त ने फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आसपास नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने और सभी सीसीटीवी कैमरों को सुचारू रूप से चालू रखने का निर्देश दिया।

स्वच्छता और फायर सेफ्टी की स्थिति का भी निरीक्षण
उपायुक्त ने अस्पताल में स्वच्छता और फायर सेफ्टी की स्थिति का भी निरीक्षण किया तथा अग्निशमन यंत्रों सहित अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेडिकल कॉलेज के छात्रों की पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल, अधीक्षक और बिल्डिंग कॉरपोरेशन के कार्यपालक अभियंता को आपसी तालमेल के साथ चरणबद्ध तरीके से अस्पताल संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प
दुमका। निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने कहा कि फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है। हम इसके प्रबंधन और सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए और भी सुदृढ़ बनाएंगे, ताकि लोगों को समय पर बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें। इस दौरान उपायुक्त ने फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल के छात्रों से भी बात की एवं उनकी समस्याओं को जाना। उपायुक्त ने कहा कि जल्द आपकी समस्याओं को नियमानुसार ढंग से दूर किया जाएगा। आप अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर वहां की सुविधाओं की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने अस्पताल की बुनियादी ढाँचे को सुदृढ़ करने और आवश्यक संसाधनों को दुरुस्त करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।





Comments