अवैध निकासी पर सख्त हुई दुमका जिला प्रशासन, विशेष जांच टीम गठित
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Apr 16
- 2 min read

दुमका। झारखंड के मुख्य सचिव के निर्देश पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला कोषागार से अवैध निकासी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीम गठित करने का निर्देश दिया गया। यह टीम जिले के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर वित्तीय लेन-देन और अभिलेखों की गहन जांच करेगी।

कोषागार लेन-देन पर कड़ी निगरानी के निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आहरण एवं व्यय की प्रक्रिया कोषागार के निर्धारित नियमों के अनुसार ही की जाए। डीडीओ की जवाबदेही तय करते हुए कहा गया कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर समाहर्ता राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

बाल विकास योजनाओं की जांच रिपोर्ट की समीक्षा
उपायुक्त ने बाल विकास परियोजना कार्यालयों में संचालित योजनाओं की जांच रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जहां भी अनियमितता पाई गई है, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ग्राम गाड़ी योजना के विस्तार पर जोर
ग्राम गाड़ी योजना की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ सुनिश्चित किया जाए। जिले के 35 चिन्हित मार्गों में से केवल 5 पर संचालन होने पर चिंता जताते हुए उन्होंने नए मार्गों पर वाहन संचालन बढ़ाने और नियमित निगरानी करने को कहा।

जेपीएससी परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा
19 अप्रैल को होने वाली जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को लेकर उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।





Comments