अब दुमका के गोपीकांदर के धुंधापहाड़ी में डायरिया का प्रकोप
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Nov 24
- 2 min read

स्वास्थ्य सहिया सुशांति सोरेन सीएचसी में भर्ती
दुमका। गोपीकांदर प्रखंड के बांसपहाड़ी में डायरिया से तीन लोगों की मौत के बाद अब धुंधापहाड़ी गांव में भी बीमारी ने दस्तक दे दी है। सोमवार रात गांव की स्वास्थ्य सहिया सुशांति सोरेन (36) को गंभीर अवस्था में गोपीकांदर स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। सीएचसी में उनका इलाज जारी है।

अचानक बिगड़ी सहिया की तबीयत
मरीज के पति मदन बास्की ने बताया कि रात में सुशांति की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और कई बार शौच के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें तुरंत सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल गांव में अन्य किसी व्यक्ति के संक्रमित होने की सूचना नहीं है।

बांसपहाड़ी में डायरिया से तीन लोगों की मौत के बाद बढ़ी सतर्कता
गौरतलब है कि इससे पहले बांसपहाड़ी गांव में डायरिया से एक महिला एवं पिता-पुत्र
की मौत हो चुकी है। इसके बाद अब धुंधापहाड़ी में मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है। गोपीकांदर सीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित आनंद ने बताया कि धुंधापहाड़ी गांव की स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि मरीज की हालत पहले से बेहतर है। एएनएम और स्वास्थ्य कर्मी गांव में लगातार निगरानी कर रहे हैं और हर स्थिति की जानकारी स्वास्थ्य केंद्र तक भेजी जा रही है।

धर्मपुर गांव में मधुमक्खियों के हमले से महिला घायल
दुमका। जिला के गोपीकांदर प्रखंड के धर्मपुर गांव में मधुमक्खियों के हमले में 70 वर्षीय मेरी हांसदा घायल हो गईं। उनके शरीर और चेहरे पर कई स्थानों पर सूजन आ गई। परिजनों ने उन्हें तुरंत गोपीकांदर सीएचसी में भर्ती कराया।

डॉक्टरों ने तीन घंटे तक किया इलाज
सीएचसी में डॉ. सुमित आनंद, एएनएम रीना मुर्मू और श्वेता ने तीन घंटे तक उनका इलाज किया। स्थिति सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। मेरी हांसदा ने बताया कि वह रोज की तरह जंगल में बकरी चराने गई थीं। तभी पेड़ पर मौजूद जंगली मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।








Comments