top of page

अचानक पीजेएमसीएच पहुंचे उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, ओडी एवं वार्ड का किया निरीक्षण

दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा शुक्रवार को अचानक दुमका के फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गये और अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वच्छता, दवाई की उपलब्धता, मरीजों की सुविधा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को देखा। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता संबंधी सूचना का बोर्ड प्रमुख स्थान पर लगाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों की सूची बोर्ड पर अद्यतन की जाए, ताकि मरीजों को दवा की उपलब्धता की जानकारी आसानी से मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल में की जाने वाली स्वास्थ्य जांच (हेल्थ चेकअप) सेवाओं की सूची भी प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। उन्होंने हेल्थ इंफॉर्मेशन कियोस्क को तत्काल फंक्शनल कराने का निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को डिजिटल माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी सुलभ कराई जाए।

खराब मिला एसी, अस्पताल का बाथरूम था गंदा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न वार्डों का दौरा किया। एचडीयू वार्ड का निरीक्षण करते हुए उन्होंने एसी को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल के बाथरूम की साफ-सफाई प्रतिदिन नियमित रूप से कराई जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने आईसीयू, ईसीजी, फिजियोथेरेपी सहित अन्य वार्डों की स्थिति की समीक्षा की। उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल परिसर में मरीजों एवं उनके परिजनों के बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में कुर्सियाँ लगाई जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही सभी खराब वाटर फिल्टरों को अविलंब दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

मरीजों ने बताया अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं

निरीक्षण के दौरान उपस्थित मरीजों ने उपायुक्त को बताया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस पर उपायुक्त ने सुपरीटेंडेंट को आवश्यक कार्रवाई कर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मरीजों ने एम्बुलेंस सेवा से संबंधित समस्याओं की जानकारी भी उपायुक्त को दी, जिस पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि अस्पताल में प्रतिनियुक्त होमगार्ड कर्मियों में जो अपने कर्तव्यों का निर्वहन सही ढंग से नहीं कर रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वार्ड में किसी भी मरीज के साथ एक से अधिक अटेंडेंट (परिजन) न रहें, इसे सख्ती से लागू किया जाए ताकि अस्पताल की व्यवस्था सुव्यवस्थित बनी रहे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ सुपरीटेंडेंट, चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page