Santhal Pargana Khabar

Aug 3, 20212 min

भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन का यह समापन नहीं आगाज है- बाबूलाल

दुमका। 30 जुलाई से दुमका के फूलो झानो चौक पर भ्रष्टाचार, अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ भाजपा का 5 दिवसीय सत्याग्रह आंदोलन मंगलवार को संपन्न हो गया है। सत्याग्रह सभा को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक दल के नेता पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मराण्डी ने कहा कि यह भ्रष्टाचार और लूट के खिलाफ आंदोलन का समापन नहीं है बल्कि एक आगाज है। मरांडी ने कहा कि सोरेन परिवार के सत्ता में रहते प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट का खेल रुकने वाला नहीं है। इसलिए भाजपा कार्यकर्ता सोरेन परिवार को वापस बोकारो भेजने तक आंदोलन जारी रखेगी। 20 अगस्त को मंडल और प्रखंड स्तर पर धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार को राज्य की नहीं अपने परिवार की चिंता है। उन्होंने राज्य में खनिज संपदा के लूट में झामुमों नेता और सरकार द्वारा लूट की खुली छूट देने का आरोप लगाया। हेमंत सरकार द्वारा केंद्र पर लगाये गये आरोपों का जवाब देते हुए मराण्डी ने कहा कि केंद्र सरकार खुली बहस के लिए तैयार है पर हेमंत सरकार इससे कतरा रही है। उन्होंने बिना नाम लिए बोरिया विधायक लोबिन सोरेन पर पहले खनिज संपदा के लूट को मुद्दा बनाने और बाद में इस मामले में चुप्पी साधने पर कहा कि उन्हें भी किस प्रकार की जड़ी सुंघा दी गई कि वह चुप हो गये। उन्होंने कहा कि पुलिस वर्तमान सरकार के लिए केवल काम कर रही है। सरकार के कार्यकलाप पर हाईकोर्ट की टिप्पणी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सशरीर उपस्थित होने के जारी नोटिस ने अब तक का सबसे खराब सरकार साबित किया है। सरकार के कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने वाले जेल जा रहे है और अपराधी खुलेआम घूम रहे है। उन्होंने राज्य के हित के लिए वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने का लोगों से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर हाल में सोरेन परिवार को सत्ता और राजनीतिक से बेदखल करने के लिए भाजपा कार्यकर्त्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगी।

सोरेन परिवार को राजनीति से सन्यास लेने के लिए दुमका की धरती से एक और हूल

पूर्व मंत्री डॉ लुइस मरांडी ने सोरेन परिवार को राजनीति से सन्यास लेने के लिए दुमका की धरती से एक और हूल के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं पर लगातार हो रही उत्पीड़न की घटनाएं, खनिज संपदा का दोहन और लूट, राज्य में गिरती कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने विभिन्न प्रमाण पत्र निर्गत करने और भाजपा कार्यकर्त्ताओं की सताने को लेकर कहा कि पार्टी अब मुहतोड़ जबाब देगी। इस अवसर पर आरती कुजुर, बाटुल झा समेत अन्य भाजपा नेताओं ने जमकर हेमंत सरकार को कोसा। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष निवास मंडल, नगर अध्यक्ष मृणाल मिश्रा, ओम केशरी, कुणाल झा, गौरवकांत, मुकेश अग्रवाल, सुरेश मुर्मू, दीपक बाउरी आदि उपस्थित थे।

    480
    2